करनाल, 8 जुलाई। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर आम जनता की जागरूकता के लिए स्वीप कार्यक्रम चलाया गया है। स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडीसी डॉ. राहुल रईया के कुशल मार्गदर्शन में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग करनाल की ड्रामा पार्टी के कलाकारों द्वारा गांव व शहर के वार्डो में नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से एसआईआर के प्रति मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को गांव काछवा व कलामपुरा के राजकीय स्कूलों में स्कूली बच्चों व उनके अभिभावकों को जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक में ड्रामा पार्टी के इंस्पेक्टर सुमेर पाल ने सुपरवाइजर की भूमिका में स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों को गणना प्रपत्र 14 जुलाई तक भरकर वापिस जमा कराने के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि जो मतदाता इस अवधि तक बीएलओ को अपना फार्म जमा नहीं कराएंगे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा और उसके लिए उन्हें बार-बार चुनाव कार्यालय के चक्कर काटने पड़ेंगे। वहीं कलाकार गुलाब सिंह ने गांव के सरपंच के रूप में कार्यक्रम की अध्यक्षता की और अपील की कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य करवाया जा रहा है और इस कार्य में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाकर डिजिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। इस कार्य में मतदाताओं का सहयोग करने का आह्वान किया।
ड्रामा पार्टी के कलाकार संदीप ने बीएलओ की भूमिका अदा की और विद्यार्थियों को गणना प्रपत्र का नमूना दिखाया और कहा कि जब भी बीएलओ आपके घर-द्वार पहुंचे तो अपने अभिभावकों से यह प्रपत्र भरवाकर 14 जुलाई से पहले-पहले बीएलओ के पास जमा करवा दें ताकि वर्ष 2026 की मतदाता सूची में उनका नाम शुद्धिकरण के साथ शामिल हो सके। ड्रामा पार्टी के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के बीच बीच में लोकगीतों के माध्यम से जहां मनोरंजन किया वहीं एसआईआर के उद्देश्य और महत्व के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूल के मुखिया, अध्यापकगण व गांव के मौजिज व्यक्ति मौजूद रहे।
