कुरुक्षेत्र। प्रसिद्ध दु:खभंजन मंदिर में मंगलवार को हवन यज्ञ किया गया जिसमें वीर बजरंगी के भक्तों ने सबकी सुख-शांति के लिए पूर्ण आहुति डाली। वीर बजरंगी को सिंदूर व फूलों से सजाया गया। बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि हनुमानजी को प्रसन्न करने के लिए नित्य हनुमान चालीसा का पाठ, मंगलवार को हनुमान जी को चोला या सिंदूर चढ़ाना, ‘ऊँ हं हनुमते नम:’ मंत्र का जाप, राम नाम का कीर्तन और ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन करना सबसे उत्तम उपाय हैं। इसके अलावा दूसरों की नि:स्वार्थ सेवा करने से भी बजरंगबली की विशेष कृपा प्राप्त होती है। हनुमानजी की कृपा से भक्त की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। भट्टी ने कहा कि हनुमानजी राम जी के परम भक्त हैं, हनुमान जी को प्रसन्न करने का सबसे अच्छा तरीका राम नाम का जाप करना है, इसलिए जो भी व्यक्ति राम नाम का जप करता है और राम जी के प्रति पूर्ण श्रद्धा रखता है, उस पर रामजी के परम भक्त हनुमान जी की कृपा हमेशा बनी रहती है। इस अवसर पर मैनेजर एचके पाल, ज्ञान चंद पराशर, कुलवंत भट्टी, पंडित सुशील शास्त्री, सोहन लाल शर्मा, धर्मदत कौशिक, राजपाल कोहली, ओमप्रकाश शर्मा, यशपाल शर्मा, राजकुमार शर्मा, निर्मल सिंह, लाल बहादुर शर्मा, फूल सिंह शर्मा, मुन्ना तिवारी, सुभाष सैनी आदि श्रद्धालु प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
