एंकर :: केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के बाद रेवाड़ी सबसे विकसित जिला होगा और रेवाड़ी को विकसित बनाने के लिए इंजन की तरह धारूहेड़ा खींचेगा। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को नगर पालिका धारूहेड़ा में नवनिर्वाचित चेयरमैन सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा और वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने नवनिर्वाचित चेयरमैन और वार्ड पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि वें सभी पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। आज शपथ ग्रहण समारोह में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव नदारद रहे जबकि बावल और कोसली विधायक उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज जीते हुए पार्षदों में महिलाओं की संख्या अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चाहते हैं कि लोकसभा, विधानसभा के साथ साथ जिला परिषद और अन्य इकाईयों में भी महिलाओं की भागीदारी अधिक हो। आने वाले दिनों में लोकसभा में महिलाओं का इनमें 33 फीसदी आरक्षण को लेकर प्रस्ताव लाया जाएगा।
इस अवसर पर बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक अनिल यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली विशेष रूप से मौजूद रहे। धारूहेड़ा के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुरेश कुमार ने चेयरमैन सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा और वार्ड पार्षदों को शपथ दिलवाई। कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिवादन किया गया। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि धारूहेड़ा में जिला की सबसे ज्यादा इंडस्ट्री है। धारूहेड़ा जिला को विकास के मामले में आगे लेकर जाएगा। उन्होंने कहा कि धारूहेड़ा में मसानी बैराज के दूषित पानी को निकालने के लिए योजना बना ली गई है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी इसको लेकर प्रयासरत है। 228 करोड़ की राशि खर्च कर पाइप लाइन के माध्यम से इसके पानी को नजफगढ़ ड्रेन में डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित चेयरमैन और वार्डों के पार्षद धारूहेड़ा के विकास में अपना पूरा सहयोग दें और पूरी पारदर्शिता से कार्य करें।
बावल के विधायक डा कृष्ण कुमार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन अजय जांगड़ा और वार्ड पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वें मिलकर धारूहेड़ा के विकास के लिए कार्य करें। धारूहेड़ा को स्वच्छता और सौंदर्यकरण में भी आगे लेकर जाने का कार्य करें। कोसली के विधायक अनिल यादव ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सभी मिलकर धारूहेड़ा को विकसित बनाने की दिशा में कार्य करने के साथ जनहित के मुद्दों का निवारण करें। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष डा वंदना पोपली ने भी नवनिर्वाचित चेयरमैन अजय जांगड़ा और वार्ड पार्षदों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वें धारूहेड़ा के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विकास कार्य करवाएं और जनहित में कार्य करते हुए धारूहेड़ा को स्वच्छ और साफ सुथरा बनाएं

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *