कुरुक्षेत्र, 4 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग ने अपने प्रथम प्रयास में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया टुडे-एमडीआरए बेस्ट कॉलेजेज ऑफ इंडिया 2026 इंजीनियरिंग कॉलेज रैंकिंग में सरकारी एवं निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में देशभर में 32वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, 308 प्रतिभागी संस्थानों में विभाग को समग्र (ओवरऑल) श्रेणी में 129वीं रैंक मिली है। यह उपलब्धि विभाग की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं अनुसंधान गतिविधियों का प्रमाण है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेव ने इस उपलब्धि पर इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग को बधाई देते हुए कहा कि प्रथम प्रयास में राष्ट्रीय स्तर पर इतनी उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करना विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा।
विभागाध्यक्ष प्रो. अवनीश वर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विभाग की रैंकिंग प्रक्रिया में पहली भागीदारी थी। प्रथम प्रयास में प्राप्त यह सफलता विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान गतिविधियों, शिक्षण उत्कृष्टता तथा संकाय सदस्यों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि ओवरऑल रैंकिंग में पूर्व वर्षों की भागीदारी एवं प्रदर्शन से संबंधित मूल्यांकन भी शामिल होता है। चूंकि विभाग ने इससे पहले रैंकिंग प्रक्रिया में भाग नहीं लिया था, इसलिए उस मानदंड के अंक प्राप्त नहीं हो सके। इसके बावजूद प्रथम सहभागिता में यह उपलब्धि विभाग के लिए अत्यंत उत्साहजनक और प्रेरणादायक है। प्रो. अवनीश वर्मा ने कहा कि यह सम्मान विभाग के सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग का परिणाम है।
