करनाल, 4 जुलाई। मेरठ रोड पर स्थित श्री राम एग्रो फैक्ट्री में अचानक एक भयंकर आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आईं और मुस्तैदी से काम करते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा और विधायक जगमोहन आनंद ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री के मालिक से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रशासन की सतर्कता के कारण ही आगजनी की इस भयंकर घटना को नियंत्रित किया गया है और किसी जान का नुकसान नहीं हुआ है।
घटना के संबंध में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। संतोषजनक बात यह है कि समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। नुकसान का आंकलन करवाया जाएगा और प्रशासन की ओर से जो भी नियमानुसार संभव मदद होगी, वह फैक्टरी प्रबंधन को मुहैया कराई जाएगी।
इसके साथ ही उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों में कोई कोताही न बरतें। सभी सुरक्षा मानकों के अनुसार औद्योगिक व व्यावसायिक परिसरों में अग्निशमन उपकरण को हमेशा दुरुस्त रखें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। इस मौके पर एसपी नरेंद्र बिजराणिया, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, तहसीलदार कृष्ण मौजूद रहे।
