हरियाणा में सूरजमुखी की खरीद MSP पर करने के लिए बवाल मच गया है। किसान नेता राकेश टिकैत कुरुक्षेत्र पहुंच रहे हैं। कल हाईवे जाम करने पर गुरनाम चढ़ूनी और दूसरे किसान नेताओं को रिहाई के लिए सरकार और प्रशासन को 11 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। कुरुक्षेत्र में किसान नेशनल हाईवे-152D पर जाम लगाएंगे। इस्माइलाबाद के गांव अजरावर पर किसान इकट्‌ठा होने शुरू हो गए हैं।।

करनाल पहुंचे राकेश टिकैत ने कहा- ” ऐसा पहली बार हुआ कि किसानों पर MSP को लेकर लाठीचार्ज हुआ हो। अब देश में दिल्ली से बड़ा आंदोलन MSP पर होगा। कुरूक्षेत्र में आगामी रणनीति बनाकर इसका ऐलान किया जाएगा।

टोल प्लाजों पर किसानों का धरना शुरू
वहीं किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में किसानों ने टोल प्लाजा पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हिसार, सिरसा, रोहतक, करनाल, अंबाला और कुरूक्षेत्र समेत कई जिलों में किसान टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर हिरासत में लिए किसानों की रिहाई नहीं हुई तो पूरे हरियाणा की सड़कें जाम कर देंगे। किसान कॉल आते ही सारे टोल प्लाजा जाम कर देंगे।

वहीं रोहतक में किसानों ने नेशनल हाईवे नंबर 9 जाम किया। पुलिस ने इसे जबरन खुलवाने की कोशिश की तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई। जिसके बाद पुलिस ने अखिल भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) रोहतक के जिला अध्यक्ष अंकुश सिवाच व वार्ड नंबर एक से जिला पार्षद अमित को हिरासत में लिया है।

मंगलवार को जम्मू-दिल्ली हाईवे जाम करने पर पुलिस ने किसानों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। जिसके बाद भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत 150 किसानों को हिरासत में ले लिया। वहीं करीब 700 किसानों पर केस दर्ज किया गया है।

किसानों के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स

  • फतेहाबाद के लाल बत्ती चौक पर किसानों ने सीएम मनोहर लाल का पुतला जलाया।
  • किसान नेता राकेश टिकैत करनाल पहुंच गए हैं।
  • कैथल में हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर किसानों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।
  • जींद के उचाना में किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने दिल्ली-पटियाला हाईवे पर जाम लगा दिया है।
  • कुरुक्षेत्र के लाडवा रोड पर किसान एकत्रित हो रहे हैं।
  • रोहतक में नेशनल हाइवे नंबर 9 को भैणी महाराजपुर में जाम किया गया है।
  • हिसार में रामायण टोल पर किसान बैठे हैं। यहां 2 लेन चल रही हैं, बाकी बंद कर दी गई हैं।
  • सिरसा के भाव नदी टोल पर भी किसान बैठे हैं। यहां कुछ टोल लेन बंद कर दी गई हैं।
  • जींद के उचाना में भी खटकड़ टोल पर किसानों ने मीटिंग बुला ली है।
  • करनाल में बसताड़ा टोल पर किसान पहुंच गए हैं, हालांकि टोल अभी खुला है।
  • अंबाला में सुबह साहा चौक पर धरने पर बैठे किसानों को पुलिस ने खदेड़ दिया।

पढ़िए, इस मामले में कल क्या हुआ…

चढ़ूनी के अगुआई में हाईवे जाम किया
हरियाणा सरकार ने कहा कि वे सूरजमुखी को भावांतर योजना के तहत खरीद करने को तैयार है। जिसमें मार्केट रेट पर खरीद में हुए नुकसान की भरपाई सरकार करती है। मगर, किसान MSP पर खरीद की मांग कर रहे हैं। सरकार से बातचीत विफल होने के बाद कल मंगलवार को उन्होंने जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *