कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस की नशामुक्त टीम ने 2 जुलाई को निरीक्षक कुलबीर कौर के नेतृत्व में विभिन्न गांवों में पहुंचकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में जनसहभागिता बढ़ाना है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 2 जुलाई 26 को जिला पुलिस की नशामुक्त टीम ने गांव टाटकी, जलालुदीन माजरा व खैरा में जागरूकता अभियान चलाया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरीक्षक कुलबीर कौर ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाले भविष्य को भी प्रभावित करता है। नशे की लत से आर्थिक, मानसिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ती हैं तथा कई बार युवा अपराध की ओर भी बढ़ जाते हैं।
निरीक्षक कुलबीर कौर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से युवाओं को खेलों, पढ़ाई और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया ताकि वे अपना समय सही दिशा में लगाएं और नशे जैसी बुराई से दूर रहें। पुलिस टीम ने लोगों से यह भी आह्वान किया कि यदि किसी क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशा बेचता है, नशे का सेवन करता है या युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कुरुक्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और आमजन के साझा प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।
