पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में आज पुलिस लाइन, कुरुक्षेत्र में सिविल सर्जन, कुरुक्षेत्र के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। रक्तदाताओं के उत्साह और सामाजिक सरोकार की भावना ने शिविर को सफल बनाया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा पुलिस कर्मियों में सामाजिक सेवा एवं मानवता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना था। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुसार रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों ने इस प्रकार के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने पर बल दिया।
