विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के लिए बीएलए का सहयोग जरूरी,1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानकर मतदाता सूचियों का किया जा रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण
कुरुक्षेत्र, 28 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में अब तक 18.96 प्रतिशत एम्यूरेशन फार्मों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। इस कार्य में शाहबाद और लाडवा विधानसभा के अधिकारी कर्मचारी सराहनीय कार्य कर रहे है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा में 98.60 प्रतिशत एम्यूरेशन फार्मो का वितरण किया जा चुका है। इस विधानसभा में 24.05 प्रतिशत फार्मो का डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसी तरह शाहबाद विधानसभा में 99.58 प्रतिशत फार्मों का वितरण और 33.30 प्रतिशत फार्मों का डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि थानेसर विधानसभा में 94.59 प्रतिशत फार्मों का वितरण और 7.89 प्रतिशत फार्मों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 94.59 प्रतिशत एम्यूरेशन फार्म बांटे जा चुके है। इनमें से एकत्रित किए गए फार्मों में से 13.62 प्रतिशत एम्यूरेशन फार्मों का डिजिटाइजेशन किया गया है। उन्होंने सभी बीएलओ को आदेश दिए है कि बूथ स्तर पर लगातार डिजिटाइजेशन के कार्य को पूरी ईमानदारी के साथ पूरा करेंगे। अब बूथ स्तर पर गठित टीमों को प्रतिदिन का लक्ष्य और योजना बनाकर फार्मों को डिजिटाइज करने का काम करना होगा। इसके साथ ही अगर किसी व्यक्ति की शिकायत सामने आती है तो उसका तुरंत समाधान करना भी सुनिश्चित करना होगा। सभी मिलकर मेहनत और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करे ताकि सफल तरीके से एसआईआर का कार्य पूरा किया जा सके।
विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के लिए बीएलए का सहयोग जरूरी
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा बूथ स्तर पर बीएलए की नियुक्ति की गई है। यह बीएलए जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे एसआईआर के कार्य में अपना योगदान दे रहे है। इस कार्य में बीएलए का सहयोग बहुत जरूरी है। अब बीएलए प्रत्येक दिन 50 फार्म बीएलओ के पास जमा करवा सकता है। इससे डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी के साथ पूरा किया जा सकता है।
1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानकर मतदाता सूचियों का किया जा रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिला के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नियुक्त किए गए 810 बीएलओ अपने अपने क्षेत्र में 14 जुलाई 2026 तक घर घर जाकर सर्वे करेंगे तथा प्रत्येक मतदाता से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित गणना करवाने का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद 1 जुलाई 2026 को अर्हता की तिथि मानकर 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा और 21 जुलाई से 28 अगस्त तक आमजन व पात्र व्यक्तियों से दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएगी।
