शहजादपुर। घर में सोने-चांदी की ईंटें दबी होने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 14 लाख 60 हजार रुपये हड़पने वाले मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान अब्दुल वाजिद निवासी डारपुर, थाना छछरौली, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका रिमांड मिला है। इस मामले में पुलिस इस आरोपित की महिला साथी की तलाश कर रही है। अजय निवासी गांव पतरेहड़ी जिला अंबाला ने शिकायत दी थी कि 13 अगस्त 2025 से 23 अगस्त 2025 के बीच आरोपित अब्दुल वाजिद और उसके अन्य साथियों (जिसमें एक महिला भी शामिल है) ने एक सोची-समझी साजिश और पूरी प्लानिंग के तहत शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया।

आरोपितों ने अजय को झांसा दिया कि उसके घर के अंदर सोने और चांदी की कीमती ईंटें दबी हुई हैं, जिन्हें वे विशेष उपाय से बाहर निकाल देंगे। इस गुप्त धन को निकालने और अपने जाल में फंसाकर आरोपितों ने शिकायतकर्ता से धोखे से कुल 14 लाख 60 हजार रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली और फरार हो गए।

पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपित को दबोच लिया। जांच अधिकारी एएसआइ नारायण सिंह ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपित से पूछताछ करेगी ताकि ठगी गई राशि को बरामद किया जा सके और इस पूरे षड्यंत्र में शामिल महिला व अन्य सह-आरोपितों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *