करनाल, 27 जून (): सुख-दुख दे साथी सभा एवं विर्क हॉस्पिटल करनाल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 28 जून को नि:शुल्क पेट, आंत एवं लिवर रोग जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विर्क हॉस्पिटल करनाल में लगेगा। यह जानकारी सुख दुख दे साथी सभा के प्रधान प्रवेश गाबा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर तरसेम वट्टा, राजेश मिड्ढा ने दी। उन्होंने बताया कि शिविर में पेट एवं पाचन तंत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित कुमार टंडन मरीजों की जांच कर परामर्श देंगे। इस दौरान पेट, आंत, लिवर तथा पाचन तंत्र से जुड़ी विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी तथा मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार पेट में जलन, कब्ज, गैस, पीलिया, पेट दर्द, पेट फूलना, भूख न लगना, बार-बार उल्टी, एसिडिटी, हेपेटाइटिस, लिवर सिरोसिस सहित अन्य पाचन संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोग शिविर का लाभ उठा सकते हैं। शिविर में रक्त शर्करा, लिवर कार्य जांच एवं ईसीजी नि:शुल्क की जाएगी। आवश्यकता अनुसार मरीजों को दूरबीन विधि से यूजीआई एंडोस्कोपी तथा बड़ी आंत की दूरबीन जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार निशुल्क दवाइयां भी दी जाएंगी। सुख-दुख दे साथी सभा के सभी पदाधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
