अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्य को लेकर समय-समय पर करें फील्ड विजिट, लोगों की समस्याओं का करें समाधान: मंत्री श्याम सिंह राणा

करनाल, 26 जून।  हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति करनाल के अध्यक्ष श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को पंचायत भवन के सभागार में कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में 12 परिवादों में से 7 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा शेष 5 परिवादों की पुनः: जांच उच्च अधिकारियों को सौंपी गई।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में समय-समय पर फील्ड विजिट करें और अपने विभाग से संबंधित कार्यों पर कड़ी नजर रखें और उनका समाधान निकालें ताकि कम से कम शिकायतें शासन और प्रशासन के पास पहुंचें। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और उनकी मूलभूत जरूरतों तथा आवश्यकताओं से जुड़ी शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने डीआरपी एनक्लेव कॉलोनी सेक्टर-36 के एन्क्लेव रेजिडेंट्स एवं समस्त कॉलोनी वासियों की शिकायत की रिपोर्ट न मिलने की वजह से अगली बैठक के लिए लंबित रख दिया। गांव कुंजपुरा के सतीश कुमार की शिकायत पर मंत्री ने कहा कि जब तक प्रार्थी का लिखित रूप में समझौता नहीं होता और इसे न्याय नहीं मिलता तब तक इसे अगली बैठक के लिए लंबित रखा जाए। शिकायतकर्ता अखिलेश ने श्री चैतन्य टेक्रो स्कूल करनाल से संबंधित शिकायत दी। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभी स्कूलों का ग्रीष्म अवकाश चल रहा है, जैसे ही स्कूल खुलेंगे, निरीक्षण किया जाएगा और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। मंत्री ने इस मामले को अगली बैठक के लिए लंबित रख दिया।
गांव गोंदर निवासी सुरजीत सिंह की शिकायत खनन विभाग से संबंधित है जिसमें उनका आरोप था कि ठेकेदार द्वारा खनन एवं भूविज्ञान विभाग के कानूनी मापदंडों का उल्लंघन किया है और मन मुताबिक मिट्टी बेच रहा है। इस मामले की जांच रिपोर्ट पर शिकायतकर्ता ने संतोष जाहिर नहीं किया। शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने के लिए मंत्री ने इस मामले की दुबारा जांच करने के लिए एडीसी को निर्देश दिए।
बैठक में सुषमा देवी पत्नी राजकुमार द्वारा गांव कारसाडोड में योग आश्रम के सामने मेन रोड पर शराब के ठेके को हटवाने को लेकर कई बार लड़ाई झगड़े होने बारे शिकायत दी। इस मामले की गंभीरता को समझते हुए विधायक जगमोहन आनंद व पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजराणिया ने सुझाव दिया कि योग आश्रम के सामने से शराब के ठेके को हटाया जाना उचित है। इस पर मंत्री ने आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वे समाज हित को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने दोनों पक्षों को न्याय दिलाने के लिए एसडीएम नीलोखेड़ी को जांच करने के निर्देश दिए और इस मामले को अगली बैठक के लिए लंबित रखें। इसी प्रकार से अनिल कुमार निवासी अलीपुर खालसा, तहसील घरौंडा की शिकायत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित थी जिसमें उनका आरोप था कि उसके मकान के साथ एक कम्पनी की दीवार लगती है। कम्पनी में मशीन चलने से होने वाले कम्पन के कारण उसके घर की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और वायु व जल प्रदूषण भी हो रहा है। इस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत सही पाए जाने पर कंपनी मालिक को कारण बताओ नोटिस दे दिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, विधायक योगेंद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, हरियाणा पशुधन बोर्ड के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक सिरसी तथा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा,, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कष्ट निवारण समिति के मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *