विधायक जगमोहन आनंद ने रेलवे अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द लगेंगे लिफ्ट और एस्केलेटर, प्रस्तावित सबवे निर्माण को लेकर भी हुई चर्चा।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बैठक के बाद विधायक ने लिया एक्शन
करनाल, 25 जून।
  करनाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और इसे आधुनिक रूप देने के लिए धरातल पर प्रयास तेज हो गए हैं। बीते दिनों केंद्रीय ऊर्जा व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक के उपरांत आज विधायक जगमोहन आनंद ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करनाल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से लिफ्ट एवं एस्केलेटर स्थापना को लेकर विभिन्न संभावित स्थानों का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही, स्टेशन पर यात्रियों के सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित सबवे निर्माण तथा उससे जुड़ी अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। विधायक जगमोहन आनंद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की रूपरेखा को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जाए ताकि निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर शुरू हो सके और करनाल वासियों को एक आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की सौगात मिल सके।
इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव उपलब्ध करवाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा ताकि स्थानीय जनता और यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग से एडीईएन अजीम बशीर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर विजय सरोहा, स्टेशन अधीक्षक संजय सक्सेना, सीएमआई विनोद धीमान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *