करनाल, 23 जून। जिला में आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, करनाल की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आवासीय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आग से बचाव के सुरक्षात्मक उपायों के प्रति जागरूक करना है।
यहां के दमकल केंद्र अधिकारी के अनुसार गर्मी में तापमान बढ़ने के कारण आगजनी की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा के लिए एहतियातन कदम उठाए जाना जरूरी है। आवासीय और व्यावसायिक भवनों के लिए अलग-अलग सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं जो इस प्रकार हैं-
आवासीय भवन: क्या करें-
घर के बिजली के तारों और उपकरणों, विशेष रूप से एयर-कंडीशनर, कूलर और रेफ्रिजरेटर की समय-समय पर जांच कराएं, बिजली का सावधानी से उपयोग करें। जरूरत न होने पर उपकरणों को मुख्य स्विच से बंद कर दें। केवल आईएसआई मार्क वाले बिजली उपकरणों का उपयोग करें और ढीले कनेक्शन से बचें। भारी बिजली उपकरणों जैसे एसी का लगातार बिना रूके उपयोग न करें। यह सुनिश्चित करें कि घर का बिजली लोड स्वीकृत और अनुकूल लोड से अधिक न हो। गर्मियों में पीक आवर्स के दौरान अनावश्यक उपकरणों को बंद रखें। एलपीजी सिलेंडरों को हमेशा सीधा रखें और साबुन के घोल से समय-समय पर लीकेज की जांच करें। पर्दों और लटकने वाली चीजों को बिजली के सॉकेट्स और खुली लपटों (जैसे दीये, मोमबत्ती, अगरबत्ती) से दूर रखें। कमरों में हवा का आवागमन बनाए रखें। आपातकालीन उपयोग के लिए पानी और रेत से भरी बाल्टियाँ हमेशा तैयार रखें। परिवार के सदस्यों को अग्नि सुरक्षा नियमों और आपातकालीन नंबरों (डायल 101-112) के बारे में शिक्षित करें। बालकनी, गलियारों और सीढिय़ों को कबाड़ या भारी सामान से पूरी तरह मुक्त रखें। सुनिश्चित करें कि सोसायटियों और घरों के मुख्य रास्ते दमकल वाहन के लिए खुले और निर्बाध हो।
क्या न करें : एक ही एक्सटेंशन बोर्ड पर कई भारी उपकरणों को जोडक़र बिजली के सॉकेट्स को ओवरलोड न करें। किसी भी हिस्से में खुले या ढीले बिजली के तारों को न छोड़ें। ज्यादा बिजली खींचने वाले उपकरणों को एक दूसरे के सटाकर न रखें। गर्मियों में खाना बनाते समय रसोई को कभी अकेला या लावारिस न छोड़ें। घर के अंदर अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ (जैसे केरोसिन, पेट्रोल, पटाखे) जमा करके न रखें। क्षतिग्रस्त तारों, ढीले प्लग या घटिया स्तर के बिजली के फिटिंग सामान का उपयोग न करें। निकास द्वारों, रास्तों या सीढिय़ों पर फर्नीचर या कोई अन्य सामान रखकर उन्हें लॉक न करें। बिजली के उपकरणों को पर्दा या अन्य आसानी से आग पकडऩे वाली वस्तुओं के पास न रखें। मोबाइल, लैपटॉप या पावर बैंक जैसे उपकरणों को रातभर बिना निगरानी के चार्जिंग पर न छोड़ें। आवासीय परिसरों के भीतर सूखे पत्तों, कचरे या प्लास्टिक को न जलाएं। एलपीजी सिलेंडर को बंद, कम हवादार या भूमिगत स्थान पर न रखें। जलती हुई सिगरेट, बीड़ी, मोमबत्ती या केरोसिन लैंप को लापरवाही से न फेंकें, ये बड़ी आग का कारण बन सकते हैं।
विशेष समर एडवाइजरी (आवासीय)
कूलिंग उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से ओवर हीटिंग हो सकती है- तारों की मजबूती और लोड संतुलन की जांच करें। अस्थायी या काम चलाऊ बिजली कनेक्शन (अवैध कट या जुगाडू वायरिंग) से पूरी तरह बचें। इनवर्टर और बैटरी सिस्टम की नियमित जांच करें कि वे ज्यादा गर्म तो नहीं हो रहें, और वहां वेंटिलेशन सही हो।
व्यवसायिक प्रतिष्ठान
क्या करें-
स्थानीय अग्निशमन प्राधिकरण के नियमों और नेशनल बिल्डिंग कोड (एनबीसी) के अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। अग्नि सुरक्षा प्रणालियों (फायर एक्सटिंग्विशर, हाइडेंट, स्प्रिंकलर और अलार्म सिस्टम) को स्थापित करें और चालू स्थिति में रखें। समय-समय पर व्यावसायिक अग्नि सुरक्षा और विद्युत ऑडिट/ तकनीकी निरीक्षण करवाएं। कर्मचारियों और स्टाफ को आग की रोकथाम, सुरक्षित निकास प्रक्रियाओं और दमकल उपकरणों के उपयोग की ट्रेनिंग दें। आपातकालीन निकास द्वारों को हमेशा साफ, चालू और चमकदार साइन बोर्ड से चिह्नित रखें। कचरे या ज्वलनशील कचरे को जमा होने से रोकने के लिए बेहतरीन हाउसकीपिंग बनाए रखें। इलेक्ट्रिकल पैनल, सर्वर रूम और जनरेटर सेट के लिए उचित वेंटिलेशन और स्वचालित अग्नि सुरक्षा प्रणाली प्रदान करें। आपातकालीन संपर्क नंबरों को मुख्य स्थानों पर प्रमुखता से प्रदर्शित करें। दमकल के लिए समर्पित पानी के टैंक भरें रखें और उनकी 24 घंटे पहुंच सुनिश्चित करें। वर्ष में कम से कम दो बार अनिवार्य रूप से पूर्ण सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित करें।
क्या न करें: किसी भी परिस्थिति में आपातकालीन निकास द्वारों, सीढिय़ों या दमकल गाडिय़ों के आने-जाने के रास्तों को लॉक न करें। स्वीकृत सीमा से अधिक या अनधिकृत क्षेत्रों में ज्वलनशील वस्तुओं/स्टॉक का मंडारण बिल्कुल न करें। बिना चालू और प्रमाणित फायर डिटेक्शन (आग पकडऩे वाले यंत्र) और सप्रेशन सिस्टम के प्रतिष्ठान का संचालन न करें। बिजली के सर्किट पर क्षमता से अधिक लोड न डालें और न ही अस्थायी और खुले तारों का उपयोग करें। छोटे स्पार्क (चिंगारी), बार-बार होने वाले शॉर्ट सर्किट या उपकरणों के गर्म होने की समस्या को नजरअंदाज न करें। इमारत में ऐसा कोई अनधिकृत ढांचागत बदलाव न करें जिससे उसकी फायर सेफ्टी रेटिंग प्रभावित होती हो। फायर अलार्म, स्प्रिंकलर या हाइड्रेट लाइनों जैसी सुरक्षा प्रणालियों को कभी भी बंद या आइसोलेट न रखें। बिजली के मुख्य वितरण पैनलों या आपातकालीन निकास रास्तों के पास सामान या पैकेजिंग बॉक्स का ढेर न लगाएं।
विशेष समर एडवाइजरी (व्यावसायिक )
कूलिंग और हेवी एचवीएसी सिस्टम के कारण बढ़े हुए बिजली लोड के लिए लगातार लोड बैलेंसिंग और थर्मल मॉनिटरिंग की आवश्यकता होती है। यह सुनिश्चित करें कि ट्रांसफार्मर, डीजी सेट और सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम की अधिकृत इंजीनियरों द्वारा नियमित सर्विसिंग की जाए। गर्मियों के मुख्य महीनों (पीक समर) के दौरान आंतरिक निरीक्षण और राउंड लगाने की आवृत्ति बढ़ा दें। परिसर में नो स्मोकिंग, (धूम्रपान निषेध) जोन को कड़ाई से लागू करें और जलती हुई सिगरेट/बीड़ी को लापरवाही से न फेंकने दें। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रो जैसे कि कमर्शियल किचन, पैंट्री, स्टोरेज रूम और मुख्य सर्वर रूम पर विशेष रूप से कड़ी नजर रखें।
