अंबाला। अंबाला कैंट थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक डिलीवरी ब्वाय की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है। शिकायत में घायल अंशदीप सिंह निवासी कच्चा बाजार ने बताया कि वह और उसका दोस्त चिराग ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करते हैं।
वे दोनों बाइक पर सवार होकर केंद्रीय विद्यालय नंबर दो में पार्सल देने गए थे। बाइक को चिराग चला रहा था। उन्होंने बताया कि पार्सल देकर सदर बाजार से वापस हाउसिंग बोर्ड की ओर जा रहे थे पुरानी अनाज मंडी की ओर से एक एक्टिवा चालक आया और सीधी टक्कर बाइक में दे मारी।
अंशदीप और चिराग सड़क पर गिरे, जबकि चिराग का सिर सीधे रोड डिवाइडर से टकरा गया। दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट लाया गया, जहां डाक्टर ने चेक कर चिराग को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंशदीप का उपचार किया जा रहा है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
