एचटेट अभ्यर्थी 19 से 23 जून तक करवा सकते है अपनी आईआरआईएस बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, अभ्यर्थी को अपना मूल पहचान पत्र व एडमिट कार्ड लाना होगा साथ
कुरुक्षेत्र 3 जून हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने हरियाणा अध्यापक पात्रता के उन शेष अभ्यर्थियों को अपनी-अपनी आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन को पूर्ण करने का मौका दिया है जिन्होंने अभी तक वेरीफाई नहीं किया है, इसके बाद ही इनका परिणाम जारी किया जाएगा। एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि (एचटेट) परीक्षा-2022 का आयोजन 3 व 4 दिसंबर 2022 को किया गया था। इस परीक्षा का परिणाम घोषणा से पूर्व व उपरान्त अभ्यर्थियों की आईआरआईएस बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाई गई थी। कुछ अभ्यर्थियों द्वारा अभी भी इस प्रक्रिया को पूर्ण नहीं किया गया है, जिस कारण उनका परिणाम अभी भी आरएलवी है। ऐसे अभ्यर्थियों को आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन को पूर्ण करने के लिए 19 जून से 23 जून 2023 तक अन्तिम अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2022 का परिणाम 19 दिसंबर 2022 को घोषित किया जा चुका है। इस परीक्षा का परिणाम घोषित होने से पूर्व अभ्यर्थियों को 16 व 17 दिसंबर 2022 तथा परीक्षा परिणाम घोषणा उपरान्त 22 व 23 दिसंबर 2022 एवं 30 जनवरी व 31 जनवरी 2023 को आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के अवसर प्रदान किया जा चुका है। कुछ अभ्यर्थियों ने इन निर्धारित तिथियों में अपनी आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण नहीं की थी, जिस कारण ऐसे अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम अभी भी आरएलवी है। आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने का अन्तिम अवसर दिया जा रहा है। ऐसे अभ्यर्थी 19 जून से 23 जून 2023 को प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक अध्यापक भवन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी में उपस्थित होकर अपनी आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते है।
उन्होंने कहा कि बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन के लिए अभ्यर्थी द्वारा अपना मूल पहचान पत्र एवं मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लेकर आना अनिवार्य है। जिन परीक्षार्थियों की आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन होनी है, उनकी सूची बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट बीएसईएच.ओआरजी.इन पर उपलब्ध है। सूची में दिए गये अनुक्रमांक वाले अभ्यर्थी ही अपनी आईआरआईएस बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन समय रहते पूर्ण करवानी सुनिश्चित करें। इन अभ्यर्थियों को इनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भी इस हेतु संदेश भेजे गए हैं। बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध सूची में से जो अभ्यर्थी इन तिथियों में यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं करते हैं, उनका परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *