बाबैन, 17 जून।    उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जिन विभागों से संबंधित शिकायत व समस्याएं दी है। सभी विभागों के अध्यक्ष 7 दिन में शिकायत से संबंधित एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भेजना सुनिश्चित करें। नागरिक किसी भी कार्य दिवस में अपने शिकायत संबंधित विभाग के कार्यालय में जाकर दे सकते हैं। सभी अधिकारी नागरिकों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को जिला सचिवालय व उप मंडल कार्यालयों में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा मंगलवार देर सायं लाडवा विधानसभा के गांव बीड कालवा में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान करीब 25 नागरिकों की शिकायत व समस्याओं को सुना और मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को उस शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों को अपने कार्यालय में रोजाना नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके  हल करने के भी निर्देश दिए। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बिजली विभाग, परिवार पहचान पत्र, पंचायत विभाग, कृषि विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें आई।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिन ग्रामीणों को पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है, उनकी दूसरी और तीसरी किस्त के लिए विभाग ने सिफारिश की हुई है, जैसे ही विभाग के पास इस स्कीम का पैसा आएगा। सभी नागरिकों के खाते में नियम अनुसार ट्रांसफर कर दिया जाएगा। उन्होंने पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि गांव कालवा से स्टेडियम तक के रास्ते को पंचायत समिति फंड से पक्का करवाया जाए। इस कार्य को बरसात के सीजन से पहले पूरा किया जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कृषि विभाग व लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए कि गांव के कई किसानों के खातों में फसल का भुगतान न होने की समस्या को दूर करके पेमेंट ट्रांसफर की जाए। इसी तरह बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों में मौके पर ही मौका मुआयना के लिए विभाग के आधिकारी -कर्मचारियों को भेजा और ग्रामीणों की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली कनेक्शन और बिजली लाइन से संबंधित शिकायत पर शिकायतकर्ता का ऑनलाइन आवेदन करवाकर समस्या हल करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बाबैन तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को कार्यालय में बुलाकर आवेदन करवाई और सभी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए मैरिज सर्टिफिकेट जारी करें, ताकि वह अपनी पत्नी का नाम परिवार पहचान पत्र में शामिल कर सकें और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त हो। ग्रामीण महेंद्र पाल की शिकायत पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि वह शिकायत के आधार पर निशानी करवाकर उन्हें इसकी रजिस्ट्री वाली जगह पर कब्जा दिलवाया जाए।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, उपमंडल अधिकारी अनुभव मेहता, डीएसपी निर्मल सिंह, डीडीपीओ विकास, बीडीपीओ विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *