अंबाला शहर। ट्रक खरीदकर अपना कारोबार बढ़ाने का सपना एक ट्रांसपोर्टर के लिए महंगा साबित हुआ। अंबाला शहर निवासी अवतार सिंह ने आरोप लगाया है कि ट्रकों का सौदा कराने के नाम पर उसे 33 लाख रुपये की कथित ठगी का शिकार बनाया गया। मामले में अंबाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरखी मोहल्ला निवासी अवतार सिंह के अनुसार वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है और कारोबार के लिए तीन ट्रक खरीदना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अंबाला के एक कथित दलाल विजय कुमार से हुई। आरोप है कि विजय उसे महाराष्ट्र के मालेगांव ले गया और वहां अपने परिचितों से मिलवाकर तीन ट्रक दिखाए।
शिकायत के मुताबिक एक ट्रक के लिए 20 लाख रुपये, दूसरे के लिए 12.50 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए भेजे गए, जबकि तीसरे ट्रक के लिए 50 हजार रुपये बतौर बयाना जमा करवाए गए। कुल लेन-देन 33 लाख रुपये का हुआ। अवतार सिंह का आरोप है कि उसे केवल एक ट्रक की डिलीवरी दी गई, लेकिन अंबाला पहुंचने पर पता चला कि उस वाहन पर करीब 20 लाख रुपये का बैंक ऋण बकाया है।
वहीं बाकी दो ट्रक कथित तौर पर गायब कर दिए गए और आरोपित वाहन देने से मुकर गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गिरोह फर्जी आरसी, नकली बैंक दस्तावेज और झूठे इकरारनामे तैयार कर लोगों को अपने जाल में फंसाता है। शिकायतकर्ता को जो ट्रक दिया गया, उसे बैंक से पूरी तरह क्लियर बताया गया था, लेकिन अंबाला आने पर पता चला कि उस पर करीब 20 लाख रुपये का लोन बकाया है। पुलिस ने विजय कुमार, शमशीर, जहीर, अजतर यूनूस, मोहम्मद खालिद मुबीन अहमद और अन्य चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
