चंडीगढ़। परिवहन मंत्री अनिल विज ने रोडवेज कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि राज्य सरकार की नई स्थानांतरण नीति लागू होने तक कर्मचारियों को आपसी सहमति के आधार पर एक बार स्थानांतरण का अवसर दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों की व्यक्तिगत और पारिवारिक आवश्यकताओं का समाधान होगा।
चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अधिकारियों, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन व हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में अनिल विज ने कर्मचारियों और यात्रियों से जुड़े कई निर्णय लिए। परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू भी मौजूद रहे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सभी रोडवेज कार्यशालाओं और कार्यालय परिसरों में कर्मचारियों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके तहत पंखों, बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर कूलर तथा महिला और पुरुष कर्मचारियों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी।
