पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के दिशा-निर्देश में जिला कुरुक्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की जानकारी को समय पर ऑनलाइन दर्ज करने और प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। जिला पुलिस के रोड सेफ्टी सैल की टीम ने थाना लाडवा, शहर थानेसर, पुलिस चौंकी सुभाष मंडी में विशेष सेमिनार आयोजित किये गए। सेमिनार में संबंधित थाना प्रबंधकों तथा अनुसंधान अधिकारियों ने भाग लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेमिनार के दौरान पुलिस कर्मचारियों को iRAD/eDAR एप्लीकेशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। रोड सेफ्टी सैल प्रभारी उप निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की सही एवं समयबद्ध जानकारी एप्लीकेशन में अपलोड करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि दुर्घटनाओं के आंकड़ों का सही विश्लेषण किया जा सके तथा पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। सभी अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना मामले को निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-रैड व ई-डार एप्लीकेशन में अपडेट किया जाए। इसके साथ ही दुर्घटना स्थल, वाहन, घायल व्यक्तियों तथा अन्य आवश्यक जानकारियों को सही तरीके से दर्ज करने पर भी जोर दिया गया।
उप निरीक्षक शेर सिंह ने अनुसंधानकर्ताओं को कह कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ई-रैड व ई-डार एप्लीकेशन के प्रभावी उपयोग से दुर्घटनाओं के कारणों का अध्ययन करने तथा भविष्य में सड़क हादसों को कम करने में सहायता मिलेगी। पुलिस टीम द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए समय पर रिपोर्ट अपडेट करना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को बेहतर और त्वरित सेवाएं प्रदान की जा सकें।
