करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को डीएवी पीजी कॉलेज के समक्ष श्री अमरनाथ सेवा मंडल द्वारा आयोजित विशाल भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण की भावना से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने भंडारा सेवा में भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा एवं सेवा कार्यों से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में मानवता, भाईचारे और परस्पर सहयोग की सर्वोपरि भावना मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भंडारा सेवा हमारी भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसमें बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों को प्रेम, सम्मान और प्रसाद स्वरूप भोजन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे आयोजन समाज को एकता, सद्भाव और सेवा के संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने श्री अमरनाथ सेवा मंडल के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान अनुकरणीय है। बाबा अमरनाथ के प्रति श्रद्धा और जनसेवा के प्रति समर्पण का यह भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने भी मंडल की सेवा गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजहित में किए जाने वाले ऐसे कार्य सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में करनाल विधायक जगमोहन आनंद की धर्मपत्नी रेखा आनंद, पूर्व पार्षद विजय सिंगला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, श्रद्धालु एवं परिवारजन उपस्थित रहे। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट एवं संवाद करते हुए सभी को बाबा अमरनाथ की पावन यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
