कुरुक्षेत्र, 13 जून । पुलिस महानिरीक्षक अम्बाला मण्डल के निर्देशानुसार कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन मैदान-2.0” लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिलेभर में पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाकर नशा तस्करों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान “ऑपरेशन मैदान-2.0” के दौरान पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों, ढाबों, किराये के मकानों तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर विशेष रेड और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा लगातार दबिश देकर नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने का कार्य किया जा रहा है। एक ओर जहां पुलिस नशा तस्करों की धरपकड़ में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस टीमें गांवों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रही हैं। लोगों से अपील है कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाना है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *