कुरुक्षेत्र, 13 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गीता स्थली ज्योतिसर अनुभव केंद्र परिसर में 21 जून को जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस योग दिवस पर हजारों लोगों के एक साथ योग करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारियों की फीडबैक ली। उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम इस बार ज्योतिसर अनुभव केंद्र के प्रांगण में रखा गया है। यह कार्यक्रम 21 जून को सुबह के समय में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 20 जून को पायलट रिहर्सल भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 15 जून को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग से वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। इस वाकथन में सुबह 6 बजे सैकड़ों की संख्या में नागरिक खिलाड़ी, युवा व विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस वाकथन को पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि 16 से 18 जून को द्रोणाचार्य स्टेडियम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को प्रोटोकॉल योगा का प्रशिक्षण सुबह 6 बजे दिया जाएगा। इस शेड्यूल के अनुसार 19 जून को योगा पर एक कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन आयुष विश्वविद्यालय के सभागार में प्रस्तावित है। इस बार योग दिवस का विषय योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा रहेगा।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी अपने अपने स्तर पर तैयारियां पूरी करेंगे। इसमें जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, जनस्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस प्रशासन, आयुष विभाग के साथ साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उच्च स्तरीय प्रबंध करेंगे ताकि सभी के साझे प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
