कुरुक्षेत्र, 13 जून। हरियाणा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में राज्य स्तरीय सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन भारत विकास परिषद की मैत्रेयी शाखा की अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की धर्मपत्नी डॉ. ममता सचदेवा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. ममता सचदेवा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए एनएसएस के गठन, उद्देश्यों और समाज निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस व्यक्ति निर्माण की कार्यशाला है। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। शिविर में जींद, कैथल, भिवानी तथा कुरुक्षेत्र सहित विभिन्न विद्यालयों से लगभग 200 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं राष्ट्र सेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
स्कूल परिसर में पहुंचने पर डॉ. ममता सचदेवा का स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ सुखविंद्र सिंह, जिला एनएसएस के कोऑर्डिनेटर डॉ. गिरधारी लाल शर्मा, प्रवीण शर्मा ने स्वागत किया। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती मां की पूजा के साथ हुआ। डॉ. सुखविंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रो. शुचिस्मिता ने कहा कि प्रदेश भर से आए छात्रों को शिविर में बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। जिला कोऑर्डिनेटर डॉ गिरधारी लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि डॉ. ममता सचदेवा व डॉ. शुचिस्मिता का आभार व्यक्त किया।
एनएसएस के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए स्वयंसेवकों ने समाज सेवा और राष्ट्रहित के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर डॉ. सुखविंद्र सिंह, डॉ. गिरधारी लाल शर्मा, प्रवीण शर्मा, अनिल अत्री, रामनिवास, मिनाक्षी, दिव्य, प्रीतम कुमार, बंसी लाल, नरेश कुमार, नरेंद्र, कविता, डॉ. सुशील टाया, अंचला, अंजलि, विजय सहित एनएसएस अधिकारी, शिक्षकगण एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
