करनाल, 13 जून।   डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि नीट-2026 की परीक्षा का आयोजन 21 जून को होगा। यह परीक्षा देशभर में पुन: आयोजित हो रही है और इस पर सभी की नजरें हैं। इसलिए परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाएं और कहीं पर भी लापरवाही नजर ना आए क्योंकि यह बच्चों के भविष्य का सवाल है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को जिला में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन कृतसंकल्प है। जिला में परीक्षा के दृष्टिगत 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2708 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिले में परीक्षा के लिए सीईओ अमित कुमार को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है।

डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में नीट 2026 की परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों के साथ नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी में एनटीए के प्रतिनिधि अभिषेक ने नीट परीक्षा की तैयारियों की पीपीटी के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी और हिदायतों के बारे में अवगत कराया।

वीसी के बाद डीसी ने निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट सभी परीक्षा केंद्रों का दौरा कर आवश्यक प्रबंधों का जायजा लें। अगर कहीं पर कोई आवश्यकता है तो उसे तुरंत पूरी करवाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय तथा बिजली की उचित व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों में रैम्प तथा व्हील चेयर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करवाई जाए। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर एक एएसआई सहित चार कांस्टेबल नियुक्त किए जाएं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मोबाइल का प्रयोग प्रतिबंधित रहे और अधिकृत व्यक्ति ही मोबाइल का प्रयोग कर सकेगा। कंट्रोल रूम से लेकर परीक्षा केंद्रों तक और परीक्षा केंद्रों से कंट्रोल रूम तक प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुरक्षा तंत्र की निगरानी में होगी। कोई भी व्यक्ति यदि किसी भी तरह से नियमों की अवहेलना करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नोडल अधिकारी को कहा कि कंट्रोल रूम स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में ही स्थापित किया जाए और उसका नंबर भी सार्वजनिक किया जाए।

डीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाए ताकि कोई भी व्यक्ति परीक्षार्थियों को भ्रमित न कर सके। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस तैनात की जाए। पार्किंग स्थलों का पूर्व निर्धारण किया जाए। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए भी मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य करते रहें तथा यातायात प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए। जरूरत पडऩे पर परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए डायल 112 सेवा का भी उपयोग किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि नीट (यूजी) परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जिसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को दोगुना किया गया है तथा पुरुष और महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग-अलग जांच काउंटर स्थापित किए गए। प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक सुरक्षा जांच काउंटर तथा 48 परीक्षार्थियों पर एक बायोमेट्रिक उपकरण लगाया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए गए है। उन्होंने यह भी बताया कि जैमर को परीक्षा के दिन दोपहर 1.45 बजे से सक्रिय किया जाएगा, ताकि बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार, डीएसपी संदीप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी करनाल संजीव कुमार,  ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरिटेंडेंट सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *