पंचकूला। पिंजौर में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर कारोबारी की हत्या का मामला अभी शांत ही नहीं हुआ था कि जिले में शुक्रवार रात एक फिर वारदात हो गई। गांव नाडा में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान 32 वर्षीय रवि की हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है। रवि मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और गांव नाडा में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। परिवार में उसकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। रात करीब नौ बजे रवि अपने भाई बंटी और बंटी के साले विक्की के साथ घग्गर नदी के किनारे बैठा हुआ था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर रवि और उसके भाई के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बंटी वहां से चला गया, लेकिन रवि और विक्की के बीच बहस जारी रही। आरोप है कि कहासुनी के दौरान विक्की ने किसी धारदार वस्तु से रवि पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रवि को परिजन तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। वारदात के बाद आरोपित विक्की मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
