करनाल, 11 जून। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के अध्यक्ष पराग गाबा ने आगामी 12 जून को करनाल में आयोजित होने वाली प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण मासिक समीक्षा बैठक की तैयारियों का निरीक्षण किया। यह बैठक हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित होगी। निरीक्षण के दौरान पराग गाबा ने अपनी टीम के साथ जाट धर्मशाला, सेक्टर-12 पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पराग गाबा ने कहा कि करनाल की ऐतिहासिक एवं कर्मभूमि पर आयोजित होने वाली यह बैठक संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती तथा कार्यकर्ताओं के सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इसी उद्देश्य से प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक करनाल में आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 12 जून को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व विधायकों, वर्तमान विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सुझावों एवं विचारों को सुना जाएगा तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी।
इसके उपरांत दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक प्रदेशभर से पहुंचे जिला कांग्रेस अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों, सदस्यता विस्तार, जनहित के मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
बैठक के समापन के बाद दोपहर 2:00 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रेस वार्ता करेंगे।
निरीक्षण के दौरान पराग गाबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। करनाल में आयोजित होने वाली यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होगी और इससे प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह एवं ऊर्जा का संचार होगा।
