कुरुक्षेत्र, 10 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.कॉम. (मास्टर ऑफ कॉमर्स) कार्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। विभाग के अध्यक्ष प्रो. महाबीर सिंह ने बताया कि वर्ष 1971 में स्थापित वाणिज्य विभाग देश के अग्रणी वाणिज्य एवं व्यवसाय शिक्षा संस्थानों में से एक है, जो उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, शोध और पेशेवर दक्षता के लिए जाना जाता है।
प्रो. महाबीर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप विभाग के सभी पाठ्यक्रमों को अद्यतन किया गया है। पाठ्यक्रम निर्माण में शिक्षाविदों, पूर्व विद्यार्थियों तथा उद्योग विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो सके। विभाग में विद्यार्थियों को मार्केटिंग, वित्त (फाइनेंस) तथा मानव संसाधन प्रबंधन (एचआरएम) में विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर दिया जाता है।
प्रो. महाबीर सिंह ने बताया कि दो वर्षीय एम.कॉम. कार्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के पास बी.कॉम., बीबीए, बीटीएम अथवा अर्थशास्त्र और/या गणित विषय के साथ बी.ए./बी.एससी. की डिग्री में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। इस कार्यक्रम में कुल 130 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त कश्मीरी प्रवासी, उत्कृष्ट खिलाड़ी, एनसीसी, एनएसएस, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों, सिंगल गर्ल चाइल्ड तथा केजी-टू-पीजी योजना सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए 47 सुपरन्यूमेरेरी सीटें भी निर्धारित की गई हैं। वहीं, एक वर्षीय एम.कॉम. कार्यक्रम में प्रवेश के लिए चार वर्षीय बी.कॉम. (ऑनर्स)/बी.कॉम. (ऑनर्स विद रिसर्च) अथवा वाणिज्य विषय में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। इस कार्यक्रम में कुल 56 सीटें निर्धारित की गई हैं।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि विभाग की पहचान उसके सशक्त पूर्व छात्र नेटवर्क से भी है। विभाग के पूर्व विद्यार्थी देश-विदेश में शिक्षण, कॉरपोरेट क्षेत्र, सरकारी सेवाओं तथा उद्यमिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए विभाग नियमित रूप से सेमिनार, कार्यशालाएं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा विभिन्न छात्र-केंद्रित गतिविधियों का आयोजन करता है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का वाणिज्य विभाग अपनी समृद्ध विरासत, अनुभवी संकाय, आधुनिक पाठ्यक्रम और नवाचार आधारित शिक्षण प्रणाली के माध्यम से वाणिज्य शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्टता की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी दाखिला संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
