कुरुक्षेत्र,10 जून । आयुष हरियाणा व जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून 2026 को 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर कुरुक्षेत्र में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि महाभारत अनुभव केंद्र भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, ज्ञान एवं मानव कल्याण के मूल्यों का प्रतीक है। कुरुक्षेत्र की यह पावन भूमि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए श्रीमद्भगवद्गीता के अमर संदेश की साक्षी रही है, जिसमें योग, कर्म और जीवन के संतुलन का गहन दर्शन निहित है।
उन्होंने कहा कि योग दिवस का आयोजन इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल पर करना भारतीय ज्ञान परंपरा, योग एवं सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का सार्थक प्रयास है। गीता में श्रीकृष्ण ने ‘समत्वं योग उच्यते’ कहकर मन की समता को ही योग बताया है। यह स्थल योग के उस संदेश को भी सशक्त करता है कि शरीर, मन और आत्मा का संतुलन ही स्वस्थ एवं सफल जीवन का आधार है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा की सोच एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के अनुरूप महाभारत अनुभव केंद्र का चयन किया गया है । जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन सहभागिता करेंगे। इस कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास, विशेषज्ञों द्वारा योग सत्र और आयुष पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।
डॉ. मंजू शर्मा ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार एवं परिचितों सहित इस जिला स्तरीय योग समारोह में बढ़-चढक़र भाग लें तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
