करनाल, 5 जून। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रकृति हमें जीवन देती है और इसका संरक्षण करना हमारा परम कर्तव्य है। बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियां आज पूरी दुनिया के सामने खड़ी हैं। इनसे निपटने का एकमात्र रास्ता यही है कि हम सभी मिलकर पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनें। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने और इसे अपनी दैनिक जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विधायक जगमोहन आनंद विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के मौके पर पौधारोपण के उपरांत एक भेंटवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रहे  ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने लोगों में पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव पैदा किया है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में प्रदेश सरकार ने वन क्षेत्र बढ़ाने, जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में अनेक योजनाएं शुरू की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की प्रमुख पर्यावरणीय योजनाओं में एक पेड़ मां के नाम अभियान, प्राण वायु देवता पेंशन योजना, ऑक्सीवन योजना, हर्बल पार्क योजना, नगर वन योजना, कृषि वानिकी प्रोत्साहन कार्यक्रम, जल संरक्षण एवं कैचमेंट एरिया विकास कार्यक्रम तथा अरावली संरक्षण अभियान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि करनाल को एक स्वच्छ और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शहर और गांवों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं।
विधायक जगमोहन आनंद ने लोगों से अपील की कि हर नागरिक आज के दिन कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उसके पेड़ बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उठाएं। हमारी आज की छोटी सी कोशिश, हमारे बच्चों को एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देगी।
उन्होंने व्यापारिक संगठनों, युवाओं और गृहणियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में सिंगल-यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से बहिष्कार करें और जूट या कपड़े के थैलों का उपयोग करें। पानी की हर बूंद को कीमती बताते हुए विधायक ने कहा कि पर्यावरण दिवस सिर्फ पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पानी बचाना और जल स्रोतों को साफ रखना भी इसका एक बड़ा हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनसहयोग से ही हरित हरियाणा का सपना साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *