मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने आज चण्डीगढ़ से आयोजित वीसी के माध्यम से उपायुक्तों एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियों के साथ एक बैठक लेते हुए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों एवं तैयारियों की जानकारी करते हुए इस कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीसी के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया हुआ है और इस कार्यक्रम के तहत बेहतर समन्वय बनाते हुए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम के दृष्टिगत 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और सम्बन्धित मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म वितरित करेंगे। इस फार्म को मतदाता साईन सहित भरना सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के दृष्टिगत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेने के साथ-साथ सम्बन्धित बीएलओ को प्रशिक्षण दिलवाना सुनिश्चित करवाएं ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का सभी जगहों पर सफलतापूर्वक आयोजन हो सके।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जो शैडयूल जारी किया गया है उसके तहत कार्य किए जा रहे हैं। वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले हैं उनकी अनुपालना के तहत सभी कार्यों को किया जाएगा। वीसी के उपरांत उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारियों को कहा कि यह कार्य अति महत्वपूर्ण है। इस कार्य में जहां सम्बन्धित अधिकारियों का अहम योगदान रहेगा वहीं राजनीतिक दल के प्रतिनिधि भी अपने बूथ लेवल एंजैट लगाना सुनिश्चित करे ताकि इस कार्य को बेहतर ढंग से करते हुए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि सम्बन्धित बीएलओ इस एन्यूमरेशन फार्म को मतदाता के घर देना सुनिश्चित करेगा। वहीं उसके उपरांत सम्बन्धित परिवार का मुखिया इस फार्म को भरकर बीएलओ को देंगे। इसके अलावा मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी/निर्वाचन पंजीयन अधिकारी कार्यालय/जिला निर्वाचन कार्यालय में भी यह फार्म जमा करवा सकता है। उन्होने यह भी स्पष्ट किया कि बीएलओ द्वारा इस फार्म के अलावा मतदाता से किसी भी प्रकार के कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जायेंगे। उन्होने यह भी कहा कि केवल उन्हीं मतदाताओं का नाम ही मतदाता सूचियों की प्रारम्भिक प्रकाशन में शामिल होगे जिनके द्वारा स्वयं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फार्म दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि प्रारम्भिक प्रकाशन से पूर्व बूथ लेवल एंजैट एक दिन में एक मतदान केन्द्र पर केवल 50 फार्म ही जमा करवा सकता है। उन्होने यह भी बताया कि आयोग की हिदायतों अनुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य के साथ मतदान केन्द्रों का रैशनेलाईजेशन 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। उपायुक्त ने यह भी कहा कि इसके उपरांत मतदाता सूचियों का प्रारम्भिक प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को कर दिया जाएगा और यह सूची जिला प्रशासन की वैबसाईट पर भी अपलोड कर दी जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत यदि मतदाता सूचियों से सम्बन्धित कोई दावे तथा आपत्तियां दी जानी है तो 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दी जा सकती हैं। इसके उपरांत 21 जुलाई से 18 सितम्बर तक सम्बन्धित ईआरओ व अथोरिटी द्वारा दावे व आपत्तियों का निपटान किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इसके उपरांत 22 सितम्बर 2026 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *