करनाल: नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को वार्ड कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता महापौर रेणु बाला गुप्ता ने की। बैठक में क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नागरिकों की बुनियादी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों और कमेटी सदस्यों के साथ मिलकर विकास कार्यों का रोडमैप तैयार किया।
बैठक के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के सौंदर्यकरण और नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए स्वच्छता व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, सुदृढ़ सड़कें और आधुनिक स्ट्रीट लाइट जैसे बिंदुओं पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और लंबित कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
समयबद्ध समाधान प्राथमिकता
उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि हमारे लिए जनहित सर्वोपरि है। क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याओं के लिए नगर निगम के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए वार्ड स्तर पर ही समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने वार्ड और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें और सक्रिय भागीदारी निभाएं।
