विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के विश्व शांति धाम कुरुक्षेत्र द्वारा रेलवे स्टेशन पर एक विशेष चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को तंबाकू, निकोटीन एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
सेंटर इंचार्ज राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरोज बहन के मार्गदर्शन में आयोजित इस जागरूकता अभियान में अनेक ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। बीके संत कुमार, बीके केवल कृष्ण, बीके जगदीश कुमार, बीके मुकेश कुमार, बीके राजेश कुमार, बीके राजकुमारी तथा बीके जनरल बहन ने रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों एवं नागरिकों को चित्रों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रदर्शनी में दर्शाए गए चित्रों के माध्यम से बताया गया कि तंबाकू और निकोटीन धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खोखला कर देते हैं तथा कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों और अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनते हैं। साथ ही यह भी समझाया गया कि नशे की आदत व्यक्ति की आर्थिक स्थिति को प्रभावित करती है, जिससे परिवार का सुख, शांति और समृद्धि भी प्रभावित होती है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते इस दिशा में जागरूकता नहीं बढ़ाई गई तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भी भुगतने पड़ सकते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करे। उन्होंने बताया कि राजयोग मेडिटेशन आत्मिक शक्ति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति नकारात्मक आदतों एवं व्यसनों पर नियंत्रण प्राप्त कर स्वस्थ, सुखी और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो सकता है।
रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस प्रदर्शनी को यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहा गया। अनेक लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प भी लिया। ब्रह्माकुमारीज द्वारा दिया गया यह संदेश स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *