* कहा-महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने का ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक निर्णय
* प्रदेश में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की जताई उम्मीद
करनाल। करनाल की महापौर एवं अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता तथा भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने हरियाणा प्रदेश भाजपा नेतृत्व द्वारा अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नियुक्ति से प्रदेश में संगठन को और अधिक ऊर्जा तथा मजबूती मिलेगी।
अपने वक्तव्य में दोनों नेताओं ने कहा कि यह नियुक्ति संगठन के लिए निश्चित रूप से नई उमंग, नई दिशा और नई मजबूती प्रदान करने वाली है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका में अर्चना गुप्ता अपने अनुभवी, समर्पित एवं कर्मठ नेतृत्व से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी तथा प्रत्येक कार्यकर्ता में नया उत्साह और प्रेरणा का संचार करेंगी।
उन्होंने इसी संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का भी हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हरियाणा में महिला नेतृत्व को अवसर एवं सम्मान देकर एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक निर्णय लिया है। यह कदम न केवल संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति को भी नई प्रेरणा प्रदान करेगा।
जनसेवा के संकल्प को बल
दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के सशक्त नेतृत्व में हरियाणा भाजपा जनसेवा, विकास और राष्ट्रहित के संकल्प को और अधिक मजबूती एवं गति के साथ आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के सफल, ऊर्जावान एवं जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की मंगलकामना की।
