कुरुक्षेत्र, 27 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 29 मई 2026 को लॉन्च किए जाने वाले “केयूके पॉडकास्ट” का पोस्टर का विमोचन संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल मीडिया, पॉडकास्टिंग और आधुनिक पत्रकारिता के नए आयामों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि केयूके पॉडकास्ट का भव्य शुभारंभ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा 29 मई को दोपहर 12.30 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित मीडिया संस्थान के स्टूडियो में किया जाएगा। प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि पॉडकास्ट के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, शोध एवं सामाजिक गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई पहचान मिलेगी। इसके जरिए विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और मीडिया विशेषज्ञों के विचार व अनुभव व्यापक स्तर तक पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल पत्रकारिता और ऑडियो-विजुअल कंटेंट की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में पॉडकास्टिंग विद्यार्थियों के लिए अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और व्यावसायिक कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। यह पहल छात्रों को मीडिया उद्योग की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान करेगी।
प्रो. पूनिया ने बताया कि हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर संस्थान द्वारा “मीडिया चौपाल” और “केयूके न्यूज” मंच का भी शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भारतीय भाषा पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा को डिजिटल युग में नई दिशा देने का प्रयास है। इस अवसर पर डॉ. मधुदीप, डॉ. आबिद अली, वरिष्ठ शिक्षिका रोमा, डॉ. कंवरदीप, डॉ. तपेश किरण, डॉ. अभिनव कटारिया, अमित जांगडा, गौरव कुमार आदि मौजूद थे।
