कुरुक्षेत्र, 26 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का रसायन विज्ञान विभाग सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित विभागों में से एक है। इस विभाग की स्थापना 1961 में हुई थी, जिसमें प्रोफेसर एसएम मुखर्जी, एफ.एन.ए विभाग के पहले प्रमुख थे। रसायन विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. जी.पी. दुबे ने बताया कि 2 वर्षीय एमएससी. केमिस्ट्री कार्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के पास 3 वर्षीय बी.एससी. डिग्री में तीनों वर्षों तक केमिस्ट्री विषय होना अनिवार्य है तथा कुल अंकों में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए होना चाहिए। इसके अतिरिक्त ऐसे विद्यार्थी भी पात्र होंगे जिन्होंने बी.एससी. में केमिस्ट्री विषय में न्यूनतम 24 क्रेडिट प्राप्त किए हों और कुल 50 प्रतिशत अंक हासिल किए हों। प्रो. दुबे ने बताया कि वहीं 1 वर्षीय एम.एससी. केमिस्ट्री कार्यक्रम के लिए 4 वर्षीय बी.एससी. ऑनर्स/बी.एससी. ऑनर्स विद रिसर्च डिग्री में केमिस्ट्री के न्यूनतम 80 क्रेडिट तथा 50 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे। इसके अलावा 3 वर्षीय स्नातक डिग्री के बाद केमिस्ट्री में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा करने वाले विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र होंगे, बशर्ते उन्होंने संबंधित विषय में न्यूनतम 40 क्रेडिट एवं 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। उन्होंने बताया कि  राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किए गए ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को शोध, उद्योग तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। रसायन विज्ञान विभाग आधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी शिक्षकों तथा शोध आधारित अध्ययन के लिए जाना जाता है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
विभागाध्यक्ष प्रो. जी.पी. दुबे ने बताया कि रसायन विज्ञान विभाग में एमएसएससी आर्गेनिक, एमएसएस फिजिकल व एमएसएस इनआर्गेनिक विषयों पर एमएससी करवाई जा रही है। हर साल बड़ी संख्या में छात्र सीएसआईआर-यूजीसी-नेट/गेट परीक्षा पास करते हैं। प्रो. जीपी दुबे ने बताया कि कॉमनवेल्थ, फुलब्राइट, इन्सा-रॉयल सोसाइटी और पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप पर कई शिक्षक विदेशों में भ्रमण कर चुके हैं। रसायन शास्त्र विभाग का प्लेसमेंट रिकॉर्ड अच्छा रहा है और छात्रों को फार्मास्यूटिकल्स, इंडियन ऑयल, ओएनजीसी, एनपीएल और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी मिल रही है। कई छात्र स्कूलों/कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा के क्षेत्र में अपना करियर बना रहे हैं। केंद्रीय विज्ञान होने के नाते, रसायन शास्त्र  विज्ञान में मटेरियल विज्ञान  और जैविक विज्ञान के साथ व्यापक संभावनाएं  हैं जिसकी वजह से इंटर डिसीप्लिनरी अनुसंधान क्षेत्र में असीम संभावनाएं बनती हैं।
कुवि के लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया नेे बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार रसायन शास्त्र विभाग के पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया 25 मई, 2026 से प्रांरभ हो चुकी है तथा विद्यार्थी 15 जून 23.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि रसायन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी रसायन शास्त्र विभाग में एमएससी की 120 सीटों में दाखिले के लिए 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन एडमिशन से सम्बन्धित जानकारी के लिए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *