करनाल। करनाल के सर्वपक्षीय विकास को नई रफ़्तार देने और आमजन की आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से सोमवार को जिला परिषद कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिला विकास योजना (डी प्लान) को लेकर आयोजित इस विशेष बैठक में हरियाणा सरकार के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने उनके साथ विभिन्न विकास कार्यों और इनसे संबंधित भावी रणनीतियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में महापौर ने डी-प्लान के अंतर्गत वर्तमान में चल रहीं और आगामी विकास परियोजनाओं को लेकर कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ गहन मंथन किया। इस दौरान विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया। बैठक में विकास का ऐसा खाका खींचने पर सहमति बनी जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को समान रूप से लाभ मिल सके।
इस दौरान आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेने के साथ महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सरकार और प्रशासन की प्राथमिकताओं को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हम सभी का एकमात्र संकल्प करनाल के विकास को नई गति प्रदान करना है। हमारा प्रयास है कि हम आमजन की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरें और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति यानी हर वर्ग तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के सुनिश्चित कर सके।

बेहतर समन्वय से करें कार्य
इस महत्वपूर्ण बैठक में करनाल के उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर सहित जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

हर नागरिक को समयबद्ध राहत
करनाल। इससे पूर्व महापौर रेणु बाला गुप्ता ने पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी प्रमुखता से शिरकत की। बैठक में आमजन की शिकायतों को सुनते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने जनहित से जुड़ी समस्याओं के  लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि सरकार सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है और हर नागरिक को समयबद्ध राहत मिलना सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर करनाल के उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, मुख्य सचेतक एवं इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंद्र राणा एडवोकेट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *