श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के छठे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, भक्ति में झूमे भक्त
करनाल, 23 मई। श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव छठे दिन और अधिक भक्तिमय माहौल में पहुंच गया। कथा के छठे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे और पूरा पंडाल श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। श्री राम राईस ग्रुप की ओर से रुक्मिणी विहार में आयोजित कथा के दौरान सुप्रसिद्ध कथाव्यास परम पूज्य श्री विवेक जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी विवाह का सुंदर व भावपूर्ण प्रसंग सुनाया। कथा में बताया गया कि सच्चे प्रेम और अटूट विश्वास से भगवान अपने भक्तों की हर पुकार सुनते हैं। रुक्मणी विवाह प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावुक हो उठे और कई भक्तों की आंखें नम नजर आईं। कथा के दौरान मधुर भजनों और सुंदर झांकियों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। जयकारों से पूरा कथा पंडाल गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर झूमते दिखाई दिए तथा महिलाओं ने भजनों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। अपने प्रवचनों में श्री विवेक जी महाराज ने कहा कि भगवान की भक्ति मनुष्य के जीवन को सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देती है। उन्होंने कहा कि जीवन में प्रेम, सेवा और संस्कार सबसे बड़े धन हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से भगवान का स्मरण करता है, उसके जीवन की कठिनाइयां धीरे-धीरे समाप्त होने लगती हैं। कार्यक्रम में पहुंचे गणमान्य लोगों का आयोजकों द्वारा सम्मान भी किया गया। कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देर शाम तक कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। इस अवसर पर लाला साधुराम सिंगला, रविंद्र सिंगला, प्रमोद सिंगला, विजय सिंगला, संजय सिंगला, राकेश सिंगला, महेश सिंगला, पुष्कर गोयल, यश सलूजा, नगरपालिका चेयरमैन विरेंद्र बंसल, राधेश्याम गर्ग, प्रवीण गर्ग, अमित मोंटी गुप्ता, रणजीत भारद्वाज, पार्षद भारत भारद्वाज, रामपाल लाठर, ललित बुटाना, सुलतान सोहलो, हंसराज पाहूजा, मास्टर अमन शर्मा, सुदर्शन शास्त्री, योगेश मिड्डा, विपिन छाबड़ा, साहिल सिंगला, रजत सिंगला, पंडित आचार्य शुभम शास्त्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
