गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-112 में द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना बनता है।
बताया कि आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में काले धुएं का घना गुबार आसमान में फैल गया। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं।
कई घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री में प्लास्टिक सामग्री अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
दमकल टीम को हुई दिक्कत
घटना के दौरान मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य होने से दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने वैकल्पिक रास्तों से पहुंचकर आग बुझाने का काम किया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
