रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र बावल स्थित इंक बनाने वाली केमिकल कंपनी जीएलएस में बीते दिन हुई आगजनी की घटना के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को डीसी अभिषेक मीणा एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डीसी ने मौके पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को नियम अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि केमिकल कंपनी में आगजनी पर फायर ब्रिगेड की कई टीमों के प्रयासों से काबू पा लिया गया है। प्रशासन की टीमों द्वारा घटनास्थल से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर (रेस्क्यू) निकाला गया है। ये सभी लोग झुलसने के कारण घायल हुए हैं, जिन्हें बिना समय गंवाए अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। आपको बता दें कि गत दिवस बावल औद्योगिक कस्बा के सैक्टर पांच में कैमिकल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई थी जिसे एक दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।
डीसी और एसपी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि घटनास्थल पर चूक की गुंजाइश न छोड़ते हुए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है। इस टीम द्वारा घटनास्थल पर सघन चेकिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ के द्वारा मलबे या प्रभावित क्षेत्र में हर एक कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि इस पूरी घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में यदि कंपनी प्रबंधन या किसी भी स्तर पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed