कुरुक्षेत्र, 20 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय शिक्षण विभागों एवं संस्थानों में संचालित विभिन्न स्नातक, इंटीग्रेटेड तथा एईडीपी कार्यक्रमों के लिए संशोधित प्रवेश मापदंड, महत्वपूर्ण तिथियां और प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया में संशोधन किया गया है तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। उन्होंने  बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और एडमिशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय ने पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी और इंडस्ट्री लिंक्ड कोर्सों पर विशेष फोकस किया है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा प्रदान की जा सके।

इन पाठ्यक्रमों के लिए 15 जून तक आवेदन
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार बी.ए. एलएलबी (ऑनर्स) 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम, एमबीए 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रैक्टिस ओरिएंटेड प्रोग्राम, बीबीए (ऑनर्स) तथा बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। इन कार्यक्रमों में प्रवेश प्रवेश परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन, पर्सनल इंटरव्यू, प्रैक्टिकल परीक्षा तथा निर्धारित वेटेज के आधार पर किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों में चयन मेरिट प्वाइंट्स के आधार पर होगा, जिसमें प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बीएफए पाठ्यक्रम में प्रायोगिक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।

अन्य यूजी और एईडीपी पाठ्यक्रमों के लिए 21 जून अंतिम तिथि
प्रो. राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय ने शेष यूजी, इंटीग्रेटेड एवं एईडीपी कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून 2026 निर्धारित की है। इनमें 4 वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी), बी.ए./बी.एड., बी.एससी./बी.एड., बी.कॉम./बी.एड., बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (बीएचएम एंड सीटी), बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, बीएससी ग्राफिक्स एंड एनीमेशन, बीएससी मल्टीमीडिया, बीएससी प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, मास्टर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (एमपीए) ऑनर्स 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम, एमटेक एप्लाइड जियोलॉजी 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम, बीकॉम प्रोफेशनल (एईडीपी), बीसीए इंडस्ट्री लिंक्ड (एईडीपी), बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (इवेंट मैनेजमेंट) अंडर एईडीपी, बीएससी सेमीकंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एईडीपी), बी.वोक ईएसएस (बैचलर ऑफ वोकेशन इन एनवायरनमेंटल साइंस एंड सस्टेनेबिलिटी) इंडस्ट्री लिंक्ड (एईडीपी), बीएससी डेटा साइंस (एईडीपी), बीएससी जियोलॉजी प्रोफेशनल (एईडीपी), बीएससी इंडस्ट्री बायो-केमिस्ट्री इंडस्ट्री लिंक्ड (एईडीपी) तथा बीए बिजनेस एंड इकोनॉमिक एनालिटिक्स (एईडीपी) जैसे आधुनिक एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रम शामिल हैं।

न्यूनतम योग्यता अंक किए निर्धारित
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक तथा एससी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 35 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे। यदि निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले पर्याप्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं तो प्रवेश पात्रता परीक्षा में प्राप्त अंकों एवं लागू वेटेज के आधार पर भी दिए जा सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन शुल्क भी निर्धारित
प्रो. महासिंह पूनिया  ने   बताया कि विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया शुल्क भी निर्धारित किया है। सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये रखा गया है, जबकि हरियाणा के एससी, बीसी एवं दिव्यांग वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि कोई विद्यार्थी एक से अधिक कार्यक्रमों में आवेदन करता है तो प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग 500 रूपये शुल्क जमा करवाना होगा।

विद्यार्थियों से नियमित अपडेट देखने की अपील की
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि प्रवेश कार्यक्रम में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को नियमित रूप से विश्वविद्यालय वेबसाइट और एडमिशन पोर्टल देखते रहना चाहिए।  विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7082113131, 7082113091 भी जारी किए हैं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सके। इस संबंध में अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *