करनाल 20 मई,         प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम करनाल कार्यालय के सभागार में बुधवार को एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों के लाल डोरा संपत्ति प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार किए गए तथा संबंधित प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। शिविर की अध्यक्षता नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह ने की।
उन्होंने बताया कि विशेष शिविर में 100 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया और अपनी संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जमा करवाए। शिविर के दौरान 10 पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही संपत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे लाभार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को संपत्ति प्रमाण पत्र वितरित करते हुए कहा कि नगर निगम नागरिकों को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर  न लगाने पड़ें।
संयुक्त  आयुक्त ने बताया कि शिविर के दौरान प्राप्त सभी दस्तावेजों की विधिवत जांच की जाएगी और पात्र लाभार्थियों को जल्द ही संपत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिन लोगों के दस्तावेज अधूरे पाए गए हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेज पूरे कर नगर निगम कार्यालय में जमा करवाने को कहा गया है। अधिक जानकारी के लिए नागरिक नेहरू पैलेस स्थित नगर निगम कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।
इस मौके पर कर अधीक्षक महावीर मलिक, पीएमएवाई शाखा से एम.आई.एस. एक्सपर्ट गौरव कंसल, टी.सी.ई. दिनेश कुमार तथा लिपिक प्रदीप कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed