पंचकूला। हरियाणा की नायब सरकार ने बीपीएल राशन कार्ड धारकों के लिए बनी राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया है। प्रदेश के सभी डिपो संचालकों को 5-G ओपीएस मशीन के साथ डिजिटल कांटा दिया जा रहा है।

मशीन और कांटा एक दूसरे से कनेक्ट होंगे। राशन का वजन पूरा होने पर ही राशन कार्ड धारक की स्कैनिंग हो सकेगी। पीओएस मशीन पर कार्डधार की फिंगर की जगह आई स्कैनिंग की व्यवस्था रहेगी।

40 लाख बीपीएल कार्ड धारक ले रहे राशन

प्रदेश के सभी डिपो पर 15 जून तक नई मशीनें पहुंच जाएंगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों तथा डिपो संचालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मौजूदा समय में प्रदेश में 9,247 राशन डिपो हैं। डिपो से 40.69 लाख बीपीएल कार्ड धारक राशन ले रहे हैं।

सरकार अब चार हजार से अधिक नए डिपो भी खोलने जा रही है, जिससे पात्र लोगों को घर से अधिक दूर राशन लेने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। लगभग 500 मीटर के दायरे पर ही डिपो की सुविधा होगी।

लोगों को करना पड़ता है घंटों इंतजार

अभी तक जो मशीन डिपो संचालकों के पास थी, वह 2-G सिस्टम युक्त थी, जिसके चलते नेटवर्क की समस्या रहती थी और लोगों को राशन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। बुजुर्ग लोगों की उंगलियों की रेखाएं मिट जाने की वजह से फिंगर प्रिंट की भी समस्या आ रही थी।
लोगों की यह शिकायत रहती थी कि राशन डिपो संचालक कम राशन देता है। शिकायतों के आधार पर 5 साल में 82 डिपो संचालको के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। हरियाणा के खाद एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि नई मशीन और डिजिटल कांटा इस तरह की समस्या दूर कर देगा। विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि राशन वितरण प्रणाली पर कड़ी नजर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *