करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता की जेठानी तथा भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता की ज्येष्ठ भाभी स्वर्गीय श्रीमती उषा गुप्ता के निधन के बाद शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक एवं अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य लोग पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी शोक व्यक्त करने के लिए चौधरी कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचीं।
सीएम की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने दिवंगत उषा गुप्ता के चित्र पर सर्वप्रथम पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने परिवारजनों के साथ आत्मीयता से बातचीत की तथा अपनी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अथाह दुख की घड़ी में पूरा समाज गुप्ता परिवार के साथ खड़ा है। वहीं, अन्य आगंतुकों ने भी स्वर्गीय उषा गुप्ता के सरल, मिलनसार एवं धार्मिक व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि स्वर्गीय उषा गुप्ता की पुण्य स्मृति में प्रार्थना सभा 24 मई को करनाल के अनमोल गार्डन में आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *