कुरुक्षेत्र, 13 मई, भारतीय संसाधन एवं विकास संघ (Indian Resource and Development Association – IRADA) को राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत हरियाणा राज्य में “राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन (National Children’s Science Congress – NCSC)” के आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह जानकारी संस्था के सचिव राजपाल पांचाल द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम बच्चों को परियोजना आधारित वैज्ञानिक अध्ययन के माध्यम से प्रकृति एवं समाज से जुड़े विषयों पर वैज्ञानिक पद्धति से कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी प्राकृतिक घटनाओं का अवलोकन करते हैं, प्रश्न उठाते हैं, परिकल्पना तैयार करते हैं, प्रयोग एवं सर्वेक्षण करते हैं, आंकड़ों का विश्लेषण करते हैं तथा वैज्ञानिक निष्कर्ष प्रस्तुत करते हैं।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन का संचालन जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा, जहां चयनित उत्कृष्ट परियोजनाएँ अगले स्तर के लिए चयनित होती हैं तथा अंततः राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित की जाती हैं। यह कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, टीमवर्क, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी इरादा संस्था को सौंपे जाने पर हम राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि इस कार्यक्रम के मध्यम से प्रदेश के बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, अनुसंधान क्षमता एवं नवाचार की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके तथा हरियाणा विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं क्रियान्वयन
इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु हरियाणा के विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए शीघ्र ही सभी जिलों में जिला समन्वयकों एवं शैक्षणिक समन्वयकों का चयन किया जाएगा तथा उनके लिए प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत जिला समन्वयक अपने-अपने जिलों में मार्गदर्शक शिक्षकों एवं मेंटर्स के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएँ आयोजित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।
इरादा संस्था का परिचय
इरादा एक सामाजिक एवं शैक्षिक संस्था है, जो शिक्षा, विज्ञान लोकप्रियकरण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार तथा युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना है। संस्था को विज्ञान एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन (NCSC) का महत्व
राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन वर्ष 1993 में प्रारम्भ किया गया भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का एक प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान क्षमता तथा नवाचार की भावना विकसित करना है, ताकि देश को बेहतर वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं नवाचार कर्ता मिल सकें तथा माननीय प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा पीढ़ी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
जारीकर्ता:
राजपाल पांचाल राज्य समन्वयक (NCSC),
सचिव, भारतीय संसाधन एवं विकास संघ (IRADA) हरियाणा
