पानीपत। इसराना क्षेत्र में शाहपुर अड्डे के पास बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। रविवार देर रात हुए हादसे में रोहतक के लाखनमाजरा के प्रदीप (30), रोहित (25) की मौत हो गई, संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। ये चारों दोस्त एक ही बाइक पर हरिद्वार जा रहे थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव स्वजन के हवाले कर दिया। स्वजन के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। लाखनमाजरा गांव के रहने वाले प्रदीप, रोहित, संजय और सोहन रविवार रात गांव से धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुए थे।
शाहपुर अड्डे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पाया कि प्रदीप और रोहित की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल थे। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रात में अंधेरा और घायलों की गंभीर हालत के कारण मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
