अंबाला शहर। नगर निगम के 20 वार्डों और मेयर चुनाव के लिए बनाए गए 191 बूथों की ईवीएम के स्ट्रांग रूम के भीतर सीसीटीवी और उनकी डिस्प्ले स्क्रीन बंद होने पर सोमवार रात ओपीएस स्कूल में जमकर बवाल हुआ। करीब दो घंटे के बवाल के बाद भी 13 मई को होने वाली मतगणना के लिए बनाए गए केंद्र परिसर में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा था।

धरने पर बैठकर नारेबाजी और वोट चोरी के आरोप लगा रहे प्रत्याशियों को पहले सेक्टर-9 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता ढाका ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई नहीं माना। रात को करीब साढ़े 11 बजे डीएसपी हितेष मौके पर पहुंचे लेकिन वह भी समझा नहीं सके।

कांग्रेस की मेयर पद प्रत्याशी कुलविंद्र कौर, कांग्रेस के सभी वार्डों के प्रत्याशी, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी और आजाद प्रत्याशियों ने मांग करते हुए आरओ पर केस दर्ज करवाने की बात तक कह दी।

धरने से न उठने की चेतावनी दी

साथ ही कहा कि जब तक आरओ यहां नहीं आता वह धरने से नहीं उठेंगे। प्रत्याशियों ने यहां तक कह दिया कि मतगणना शुरू होने तक अब वह यहीं पर बैठकर धरना देंगे। अभी तक जो कुछ करना था आप लोग मिलकर कर चुके हैं।

इसके बाद सुनीता ढाका भी वहां से चली गई लेकिन समाचार लिखे जाने तक रात 12 बजकर 10 मिनट तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मतगणना केंद्र में नहीं आया था। जानकारी के अनुसार एडवोकेट मिथुन एवं कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी ने दोपहर को दो बजे भी स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी डिसप्ले स्क्रीन लगाने की मांग की थी।

मिथुन ने बताया कि एडीसी विराट ने आश्वासन दिया था कि एक डेढ़ घंटे तक लगा दी जाएगी। लेकिन रात को नौ बजे उन्हें सूचना मिली की स्ट्रांग रूम की सभी लाइटें बंद हैं। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे।

जांच के बाद पता चला कि सीसीटीवी की डिसप्ले बंद थी। जब वह भीतर गए तो वहां सभी सीसीटीवी भी बंद पड़े थे। इसके बाद विरोध शुरू कर दिया। सभी पार्षद प्रत्याशी व समर्थकों ने ओपीसीएस स्कूल को बाहर से भी घेर लिया।

विरोध कर रहे प्रत्याशियों के साथ कर्मियों ने अभद्र व्यवहार भी किया

मौके पर एक भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं होने के कारण विवाद बढ़ गया। प्रत्याशियों ने कहा कि ठीकरी पहरा मतगणना केंद्र के बाहर होना चाहिए या लाइट बंद कर कर्मी अंदर मिलने चाहिएं। इसके जवाब किसी के पास नहीं था। जिस समय प्रत्याशी पहुंचे तो कुछ कर्मी मतगणना केंद्र के भीतर थे और लाइट बंद थी।

मिथुन ने बाहर खड़े पुलिस कर्मियों से पूछा डिस्प्ले क्यों नहीं चल रही आप इसके जवाब दो। पुलिस वालों ने कहा कि मिस्त्री आए हुए हैं। कुछ कर्मियों ने कहा कि वाइफाई नहीं हैं। लेकिन एडवोकेट मिथुन एवं कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी ने कहा कि वह सब ठीक है तो सीसीटीवी डिस्प्ले क्यों बंद हैं।

विरोध कर रहे प्रत्याशियों के साथ कर्मियों ने अभद्र व्यवहार भी किया। उन्हें बाहर निकलने को कह दिया। प्रत्याशियों ने कहा कि जब वह भीतर आए तब 11 बजे सीसीटीवी चले उससे पहले क्यों नहीं अब वह यहां से नहीं जाएंगे सारी रात यहीं बताएंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *