चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने गेहूं खरीद में हजारों करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के किसानों से 600-800 रुपये प्रति क्विंटल कम दाम पर गेहूं खरीदकर हरियाणा की मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचा गया। इससे केंद्र सरकार को 2000 करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगी है।
गेहूं की फसल का भुगतान 72 घंटे में करने के दावे को हवा हवाई बताते हुए अभय ने कहा कि बहुत बड़ी संख्या में किसानों को भुगतान नहीं किया गया है। उनका अभी भी लगभग 30 प्रतिशत भुगतान बकाया है। किसानों से अवैध रूप से मजदूरी शुल्क लिया जा रहा है।
पिछले साल के मुकाबले 15 लाख टन अधिक खरीद
फसल का पूरा उठान भी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार अभी तक मंडियों में 84.76 लाख टन गेहूं की आवक हुई है, जिसमें से लगभग 83 लाख टन गेहूं की ही एमएसपी पर खरीद हुई है। यह खरीद पिछले साल के मुकाबले 15 लाख टन अधिक है।
