रेवाड़ी डीसी अभिषेक मीणा तथा एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल दिशा निर्देशन में रविवार को नगर निकाय व पंचायती राज उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व स्वतंत्र ढंग से सम्पन्न हो गए। रेवाड़ी में नगर निकाय व पंचायती राज उपचुनाव चुनाव पूर्णतः शांतिपूर्ण संपन्न होने पर जिला प्रशासन ने शहरवासियों का आभार जताया तथा मतदाताओं को निर्भीक होकर शांतिपूर्ण माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पर बधाई दी। रेवाड़ी में निकाय चुनाव को लेकर रविवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पूरे दिन अलर्ट रहे और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। नगर पालिका धारूहेड़ा में 72.4 प्रतिशत व नगर परिषद रेवाड़ी में 64.8 प्रतिशत मतदान हुआ।
चुनाव के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा व पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने नगर परिषद रेवाड़ी व नगर पालिका धारूहेड़ा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया और विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित पाया।
डीसी ने रेवाड़ी शहर के राव तुलाराम स्टेडियम, केएलपी कॉलेज, जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विश्वकर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय(बाल) वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नगर परिषद परिसर सहित रेवाड़ी और नगर पालिका धारूहेड़ा में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और पोलिंग पार्टियों को चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित स्टाफ से अब तक कितनी पोलिंग हो चुकी है, किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं है, इस बारे भी जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ को कहा कि वे निर्धारित मापदंडों की पालना करते हुए अपना कार्य सही एवं सुचारू रूप से करें। उन्होंने मतदान केंद्र पर संबंधित स्टाफ को यह भी निर्देश दिए कि वोटिंग वाले स्थान पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और पहले वोटर के वोट डालने के बाद ही अगले वोटर को बारी-बारी अंदर जाने दें।
डीसी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार मतदान केंद्रों की परिधि में कोई भी प्रत्याशी किसी प्रकार का प्रचार न कर इसका विशेष ध्यान रखा जाए। नगर निकाय चुनाव में मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह और जोश नजर आया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थी। नगर परिषद रेवाड़ी व नगर पालिका धारूहेड़ा चुनावों के लिए मतदान पूरी तरह से शांति पूर्ण व सौहार्द माहौल में हुआ। मतदान केंद्रों के लिए तैनात की गई पोलिंग पार्टियां पूरी सक्रिय रही।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी एवं पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि नगर निकाय व पंचायती राज उपचुनाव के मध्यनजर जिला रेवाड़ी में करीब 1100 पुलिसकर्मी व होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाई गई। साथ ही पुलिस की एक अतिरिक्त कंपनी को भी अलग से तैनात किया गया। नगर परिषद रेवाड़ी व नगर पालिका धारूहेड़ा क्षेत्र की 20 लोकेशन पर स्थित 47 वल्नरेबल, क्रिटिकल बूथों, 4 इंटरस्टेट नाकों पर सामान्य से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं जिला में कुल 27 पेट्रोलिंग पार्टी ड्यूटी पर तैनात रही। प्रत्येक क्षेत्र में डीएसपी रैंक के नोडल पुलिस अधिकारी लगाए गए जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि चुनाव प्रक्रिया उचित व पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ सम्पन्न हो। साथ ही जिले की 25 इआरवी (डायल-112 वाहन), 45-राइडर्स, दुर्गा शक्ति व क्विक रिस्पांस टीम तैनात रही। नगर परिषद रेवाड़ी में कुल 35 लोकेशन पर स्थित 99 बूथ पर, नगर पालिका धारूहेड़ा में कुल 14 लोकेशन पर स्थित 27 बूथ पर व पंचायत राज उपचुनाव कुल 4 लोकेशन पर स्थित 7 बूथ पर मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग निर्भय होकर किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने स्वयं जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा के साथ फील्ड में उतरकर नगर परिषद रेवाड़ी व नगर पालिका धारूहेड़ा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि जिला रेवाड़ी में कहीं भी कोई भी हिंसक घटना नहीं हुई और चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने पर उन्होंने रेवाड़ी जिला वासियों को कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए बधाई दी।
