करनाल 10 मई, नगर निगम आयुक्त-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. वैशाली शर्मा ने जिला जनगणना अधिकारी, प्रभारी अधिकारियों तथा सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैपिंग का कार्य जल्द से जल्द मुकम्मल कर फील्ड में जाकर मकान सूचीकरण का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि निर्धारित समयावधि में जनगणना से संबंधित सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
बैठक में प्रभारी अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिन क्षेत्रों में मेपिंग का कार्य पूरा हो चुका है, वहां गणनाकार फील्ड में जाकर मकान सूचीकरण का कार्य कर रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में यह कार्य लगातार प्रगति पर है और विभिन्न टीमों द्वारा घर-घर जाकर आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं।
प्रधान जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पर्यवेक्षकों को पत्र जारी कर कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। साथ ही गणनाकारों द्वारा किए जा रहे कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें, ताकि नगर निगम क्षेत्र में जनगणना एवं मकान सूचीकरण का कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला जनगणना अधिकारी अनीता, प्रभारी अधिकारी प्रवेश कौशिक, अनूप कुमार व रमन तथा सहायक प्रभारी अधिकारी गौरव हुड्डा व राज कुमार मौजूद अधिकारी मौजूद रहे
